छावनी बनी अयोध्या, बीजेपी सांसद योगी आदित्‍यनाथ गिरफ्तार

छावनी बनी अयोध्या, बीजेपी सांसद योगी आदित्‍यनाथ गिरफ्तार

लखनउ: विश्व हिंदू परिषद की संकल्प सभा को लेकर अयोध्या छावनी बन गई है। सरकार के प्रतिबंध के बावजूद आज विश्व हिंदू परिषद संकल्प सभा पर अड़ी हुई है। पुरे अयोध्या में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। इस बीच वीएचपी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का दौर जारी है। पुलिस ने गुरुवार को विहिप की संकल्प सभा के मद्देनजर अब तक 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं और नेताओं की गिरफ्तारी की है। वहीं दुसरी तरफ, संकल्‍प यात्रा के लिए निकले बीजेपी सांसद योगी आदित्‍यनाथ को गोंडा में हजारों समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

वीएचपी नेताओं का जमावड़ा न लगने पाए और बाहर से समर्थक अयोध्या न पहुंचने पाएं इसके लिए पुलिस बुधवार देर रात से ही अभियान चला रही है। राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) राज कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि अब तक अयोध्या और आस-पास से 337 वीएचपी कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। 42 लोग नजरबंद किए गए हैं। विश्वकर्मा ने कहा है कि जो भी प्रतिबंधित संकल्प सभा में जाने की कोशिश करेगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा। शरद पूर्णिमा होने की वजह से करीब पचास हजार स्नानार्थी सरयू नदी में स्नान करने आ सकते हैं।

इस भीड़ का फायदा वीएचपी कार्यकर्ता उठा सकते हैं। प्रमुख सचिव गृह अनिल कुमार गुप्ता ने इन हालातों से निपटने की सख्त हिदायत दी है। फैजाबाद के जिलाधिकारी विपिन द्विवेदी ने बताया कि वीएचपी समर्थकों का अयोध्या में जमावड़ा न लगने पाए इसके लिए बुधवार से ही फैजाबाद-अयोध्या की सीमाएं सील कर दी गई हैं।

द्विवेदी ने कहा कि सकंल्प संभा के मद्देनजर अयोध्या में करीब दो हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। संकल्प सभा का आयोजन भी अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण की मांग को उठाने के लिए किया गया है। वहीं वीएचपी और बजरंग दल के नेताओं ने कहा है कि वे हर हाल में संकल्प सभा का आयोजन करेंगे।

Related posts