
कर्णप्रयाग। मंगलवार रात किसी बात को लेकर छात्र नेताओं के समर्थक आपस में ही भिड़ गए। छात्र गुटों के आपसी संघर्ष में एक गुट ने पुलिस में तहरीर दी है, वहीं मामले में पुलिस ने अतिरिक्त सक्रियता बरतते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
शुक्रवार को छात्रसंघ चुनावों के लिए मतदान होना है, लेकिन मंगलवार को आमसभा के बाद रात को एक होटल में छात्र नेताओं के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। मामला इतना बढ़ा कि एक गुट ने पुलिस को तहरीर दी। हालांकि बुधवार को भी छात्रसंघ चुनाव प्रचार तनाव से भरा रहा। बदरीनाथ हाईवे पर बुधवार दोपहर को भी छात्र गुटों में तनातनी हुई। हालांकि इस दौरान पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। सूत्रों के अनुसार भिड़ने वाले दोनों गुट विरोधी छात्र संगठनों के हैं और चुनावों में अपने संगठन से खड़े प्रत्याशियों के लिए समर्थन करने यहां पहुंचे हैं।
वहीं शहरवासियों का कहना है कि छात्र संघ चुनावों में बाहरी संगठनों के नेताओं का शामिल होना महाविद्यालय सहित नगर का माहौल बिगाड़ रहा है। इधर मामले की जांच कर रहे एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि वोटों को लेकर छात्र नेताओं के समर्थकों में मारपीट हुई है। एक पक्ष ने शिकायत की है। जांच चल रही है।
