छात्र छोड़ो, शिक्षकों को भी रूसा की जानकारी नहीं

शिमला। एसएफआई की जिला इकाई के आह्वान पर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर सभी कॉलेजों के कार्यकर्ताओं ने सेमेस्टर सिस्टम के विरोध में प्रदर्शन किया। दोपहर बाद किए गए इस धरना प्रदर्शन में शामिल एसएफआई के जिला अध्यक्ष प्रेम कायथ और जिला सचिव चंद्रकांत वर्मा, राज्य उपाध्यक्ष दिनेश मेहता, शहरी इकाई सह सचिव कपिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश विश्वविद्यालय सौ करोड़ के लालच में इस सिस्टम को लागू कर रहा है। छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। छात्रों को छोड़ों, शिक्षकों को भी सिस्टम के बारे में जानकारी नहीं है। बिना सिलेबस, बिना बैठने और पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था किए सेमेस्टर सिस्टम को लागू किया जा रहा है। प्रदेश सरकार और विवि प्रशासन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर शिक्षा को निजी संस्थानों और शिक्षा माफिया को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश भर के हजारों छात्र पसंद के विषय नहीं पढ़ पाएंगे।
चंद्रकांत ने कहा कि 120 छात्रों की कंडीशन को हटाकर कॉलेजों में प्रवेश लेने पहले की तरह ओपन किया जाए। ग्रेड सिस्टम को बंद किया जाए, छात्र को पसंद के विषय में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। फीस के ढांचे को भी न बदला जाए। उन्होंने चेताया कि यदि बिना पुख्ता तैयारियों और सुविधाओं के इस सिस्टम को लागू किया गया, तो एसएफआई उग्र होगी। प्रदर्शन में संजौली कॉलेज से तनुजा टंडन, अभय सूद, अक्षय शर्मा, सूरज, कोटशेरा से हुकम, सन्नी, अंकित दुबे, रिशु, अंकुश शर्मा, अंकुश ठाकुर, सुभाष, अमित, पीयूष, सतीश, अंकित, ठाकुर सिंह, सुशील, आरकेएमवी से कविता खाची, प्रियंका पिस्टा, मोनिका नेगी, अपेक्षा, रंजिता, श्रुति, रीतू, इवनिंग कॉलेज से गिरिश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

Related posts