
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उपमंडल देहरा के एक निकटवर्ती स्कूल में दो छात्रों के बीच हुई मारपीट में एक विद्यार्थी गंभीर तौर पर घायल हो गया। इसका इलाज सिविल अस्पताल देहरा में चल रहा है। परिजनों ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निकटवर्ती पाइसा गांव में स्थित एक सरकारी स्कूल में तीन जून को एक छात्र पानी पी रहा था। पीछे खड़े आरोपी छात्र ने कोई बात कह दी। इसका युवक ने विरोध जताया। दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। बहसबाजी इतनी बढ़ गई तो दोनों छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। बाद में शिक्षकों ने दोनों छात्रों को छुड़ाया। दोनों के बीच समझौता करवा दिया गया। इसके बाद आरोपी युवक ने दूसरे युवक से बदला लेने की भावना के चलते शुक्रवार को स्कूल में सुबह प्रार्थना सभा से पहले अचानक उस पर पीछे से हमला कर दिया। आरोपी छात्र ने दूसरे छात्र को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। शिक्षकों ने घायल छात्र को आरोपी छात्र के चुंगल से छुड़ाया और स्टाफ रूम ले गए। यहां से छात्र को सिविल अस्पताल देहरा लाया गया। शाम तक छात्र ने होश में आने के बाद पुलिस को अपना बयान लिखा दिया है। देहरा के डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
