
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के बीएससी मेडिकल टेक्नोलॉजी के छात्र मंगलवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को उनकी घोषणा याद दिलाने के लिए सचिवालय पहुंचे। यहां पैरा मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार विनोद चौहान की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अप्रैल 2013 की घोषणा याद दिलाई। कहा कि उस दौरान बीएससी मेडिकल विद्यार्थियों के लिए तीन हजार रुपये की छात्रवृत्ति, आईआरडीपी और बीपीएल छात्रों को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करने की घोषणा की थी, लेकिन ये घोषणाएं अभी लागू नहीं की गई हैं। यही नहीं, प्रतिनिधिमंडल ने 2007 में कांग्रेस सरकार द्वारा स्वीकृत टेक्नोलॉजिस्ट के 30 पदों की याद भी दिलाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भाजपा सरकार ने भी इन पदों को नहीं भरा। लिहाजा, इन पदों की पुन: समीक्षा कर इन्हें बहाल किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने बीएससी मेडिकल में लेक्चरर और ट्यूटर के 18 पद स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि बीएससी प्रशिक्षण विद्यार्थियों को प्रदेश में ही नियुक्तियां दी जाएं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
