छात्रों ने फूंका विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला

पिथौरागढ़। कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा एक ही दिन दो परीक्षाएं रखे जाने से नाराज छात्रों ने प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला फूंका हैं। कुलपति को ज्ञापन भेजकर इस दिशा में शीघ्र कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुमित चंद के नेतृत्व में पिथौरागढ़ पीजी कालेज में एकत्रित हुए छात्रों ने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय का यह फरमान पूरी तरह से छात्र विरोधी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना कुछ सोचे समझे एक ही तारीख में दो परीक्षाओं रखी हैं। आठ अगस्त को नैनीताल में बीएड की काउंसलिंग है। इसी दिन पिथौरागढ़ महाविद्यालय में एमएससी की सेमेस्टर परीक्षा भी होनी है। बताया कि बीएड की दूसरी काउंसलिंग की तिथि 11 अगस्त को रखी है। इस दिन भी एमएससी की सेमेस्टर परीक्षा है। इस वजह से विद्यार्थियों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने इस दिशा में उचित कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पुतला दहन करने वालों में दीपक वर्मा, हिमांशु वर्मा, हरीश रावत, हरीश मेहता, मंटू वल्दिया, सागर खत्री, अजय चंद, मयंक बसेड़ा, रमेश जोशी, विकास पुनेड़ा आदि शामिल थे।

Related posts