छात्रों ने निदेशक, डीएसडब्ल्यू और प्राक्टर को घेरा

नैनीताल। बीते दिनों डीएसबी परिसर में हुए सेमिनार के आयोजकों पर कार्रवाई नहीं होने से छात्र संघ समेत विभिन्न छात्र संगठन भड़क उठे। उन्होंने परिसर निदेशक, डीएसडब्ल्यू तथा प्राक्टर का घेराव किया। इस दौरान उनसे तीखी नोकझोंक भी हुई, इस पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने तक की धमकी दे डाली। बाद में सेमिनार आयोजकों की ओर से माफी मांगने पर मामला शांत हुआ। इधर, आज दिनभर परिसर में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया था।
छात्र संघ के पूर्व सचिव पंकज मेलकानी ने परिसर निदेशक प्रो.बीआर कौशल से एक अगस्त को परिसर में एजूकेशन फार सोसायटी नामक सेमिनार कराने के लिए अनुमति मांगी थी, जिसकी निदेशक ने संस्तुति कर दी थी। सेमिनार में छात्र संघ अध्यक्ष समेत अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों को नहीं बुलाने से वह भड़क उठे तथा उन्होंने विरोध-प्रदर्शन कर सेमिनार नहीं होने दिया। संगठनों के प्रतिनिधियों ने परिसर निदेशक को ज्ञापन सौंपकर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। निदेशक ने मुख्य प्राक्टर को जांच के आदेश दे दिए। इधर, शनिवार को प्राक्टर की ओर से अपराह्न एक बजे तक आयोजकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से छात्र संगठन भड़क उठे। पहले उन्होंने प्राक्टर का घेराव किया, बाद में वह निदेशक दफ्तर में जा धमके, वहां उनकी निदेशक एवं डीएसडब्ल्यू सेे काफी बहस भी हुई। उन्होंने कहा जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वह परिसर को अनिश्चितकाल के लिए बंद करा देंगे। मामला यहां तक बढ़ गया कि निदेशक प्रो.बीआर कौशल, डीएसडब्ल्यू प्रो.डीसी पांडे एवं प्राक्टर प्रो.जीएस नेगी ने अपने पद से इस्तीफे की धमकी तक दे डाली, बाद में सेमिनार के आयोजक पंकज मेलकानी, प्रशांत सिंह आदि की ओर से माफी मांगने पर जैसे-तैसे मामला शांत हुआ। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, सूरज पांडे, सुनील मेहरा, हिमांशु, पंकज भट्ट, त्रिभुवन भट्ट, निखिल बिष्ट, पंकज डालाकोटी, शिवम बजाज, सुरेंद्र चौहान, कैलाश अधिकारी, दीपक जोशी, रोहित, विजय, संतोष आदि छात्र मौजूद थे।

Related posts