छात्रों ने दिया कुलपति कार्यालय में धरना

श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर के छात्रों ने बीएससी में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर कुलपति कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने आपदा प्रभावित और स्थानीय छात्रों को प्रवेश में प्राथमिकता देने की भी मांग उठाई।
मंगलवार को कई छात्र कुलपति कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। छात्रों ने मांग की थी कि आपदा के मद्देनजर बीएससी में सीटें बढ़ाई जाएं और जितने फॉर्म जमा किए गए हैं उन सभी को प्रवेश दिया जाए। पूर्व महासचिव दर्शन सिंह दानू ने कहा कि विश्वविद्यालय ने फॉरेस्ट्री और हॉल्टीकल्चर में बीस फीसदी सीटें बढ़ाने की घोषणा की है। मगर आपदा के नाम पर बढ़ी इन सीटों पर प्रभावित और स्थानीय छात्रों को ही प्राथमिकता दी जाए। कुलपति प्रो. एसके सिंह ने प्रवेश समिति से बातचीत के बाद इस मसले पर कोई फैसला देने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर छात्र महासंघ अध्यक्ष शैलेश मलासी, छात्रसंघ अध्यक्ष सुधीर जोशी, पुष्पेंद्र पंवार, अंकित कप्रवाण, विनीत चंद्र पोस्ती और संजय बिष्ट आदि मौजूद थे।

Related posts