
जोशीमठ (चमोली)। राजकीय महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पिछले एक सप्ताह से आंदोलनरत छात्रों ने सोमवार को महाविद्यालय में तालाबंदी कर प्राचार्य का घेराव किया। आक्रोशित छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय में विज्ञान संकाय खुलवाने और प्रवक्ताओं की कमी को दूर करने के लिए महाविद्यालय प्रशासन की ओर से भी उदासीनता बरती जा रही है।
छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में उच्च शिक्षा निदेशक के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी गई कि जब तक महाविद्यालय में विज्ञान संकाय की कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्र संघ अध्यक्ष सौरभ नैनवाल ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से छात्र आंदोलनरत हैं, लेकिन न तो उच्च शिक्षा निदेशालय सकारात्मक कदम उठा रहा है और न ही महाविद्यालय प्रशासन की ओर से इस पर कोई कार्रवाई की जा रही है। प्रदर्शनकारियों में छात्र संघ सचिव प्रदीप, संदीप रावत, कमलेश, मोहन, बबीता, सोनम, सीमा, प्रीती, संध्या आदि मौजूद थे।
