
धर्मशाला। जिले में स्थित एक प्रशिक्षण संस्थान में कौशल विकास भत्ते के नाम पर छात्रों से हजारों रुपये की ठगी का खुलासे के बाद पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। पुलिस के पास मामला पहुंचने के बाद कंप्यूटर संचालक ने छात्रों को एटीएम कार्ड वापस कर दिए हैं, मगर भत्ते की हजारों रुपये की राशि लौटाने में आनाकानी कर रहा है। पुलिस ने मामले में अहत सबूत भी जुटाए हैं। संस्थान में 70 के करीब छात्र कोर्स कर रहे हैं। ये तमाम छात्र कौशल विकास भत्ते के पात्र हैं। संचालक ने सेंटर को फायदा पहुंचाने के चक्कर में इनके एटीएम कार्ड और बैंक पास बुक अपने पास रखी थी। इसके बाद हर माह भत्ते की राशि को संचालक खुद ही हड़प रहा था। छात्राें के अभिभावकाें को इसका पता चलने के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा था। इसके बाद पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू की थी। भत्ते के नाम पर ठगी मामले में संचालक हर माह हजारों रुपये अपनी जेब में डालता रहा है। राशि जेब में डालने का सिलसिला बीते चार माह से चल रहा है। उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। कौशल विकास भत्ते के पात्र छात्रों को न्याय दिलाया जाएगा।
