
सरकाघाट (मंडी)। सियासी दलों की आपसी खुन्नस स्कूली बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर खुल कर सामने आई। बिन बुलाए समर्थकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा विधायक कर्नल इंद्र सिंह की अपने भाषण में तबादलों को लेकर प्रदेश सरकार की आलोचना कांग्रेसियों को रास नहीं आई, जिससे मंच पर ही भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की होने से नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से माहौल हो शांत किया। दोनों पक्षों की ओर से सरकाघाट पुलिस थाना में मारपीट की क्रॉस रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट में मंगलवार को छात्राओं की अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मंच पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने पर मंच पर ही दोनों दलों के समर्थकों में खूब खींचातानी हुई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई, लेकिन वहां मौजूद पुलिस ने बीच बचाव करते हुए मामले को किसी तरह शांत किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में स्कूल प्रशासन की ओर से पूर्व मंत्री रंगीला राम राव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। दोपहर करीब 12 बजे रंगीला राम राव खेल मैदान की तरफ से मंच पर पहुंचे। कुछ समय बाद भाजपा विधायक कर्नल इंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ समारोह में पहुंचे। उन्हें भी सम्मान के साथ मंच पर बिठाया गया। अपने संबोधन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगराज ने रंगीला राम राव के राजनीतिक जीवन के 35 वर्षों में किए कार्यों का बखान किया। इसके बाद विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने तबादलों को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा महिला कर्मचारियों को दूरदराज क्षेत्रों में भेजने का विरोध किया। यह बात मंचासीन कांग्रेसियों को रास नहीं आई और विधायक को रोक नारेबाजी करने लगे। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मंच पर आकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में उलझते हुए धक्का मुक्की करने लगे। डीएसपी संजीव भाटिया के नेतृत्व में पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करवाया। आधे घंटे के बाद विधायक कर्नल इंद्र सिंह और उसके समर्थक कार्यक्रम स्थल से बाहर निकले। विधायक ने सरकाघाट थाने में कांग्रेसियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की शिकायत दर्ज करवाई है। उधर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगराज ठाकुर ने भी विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है।
स्कूल के प्रधानाचार्य एवं खेलकूद प्रतियोगिता के संयोजक राकेश तपवाल ने कहा कि एसएमसी कमेटी और स्टाफ की सहमति से पूर्व मंत्री रंगीला राम राव को मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। विधायक कर्नल इंद्र सिंह को निमंत्रण नहीं था। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विधायक होने के नाते हुए शरीक : इंद्र
कर्नल इंद्र सिंह ने कहा कि विधायक होने के नाते वह कार्यक्रम में शरीक हुए थे, लेकिन कांग्रेसियों ने उनके ऊपर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया।
