
मंडी। मॉडल सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंडी के छात्रों की वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा से शिक्षक ही नहीं अभिभावक भी प्रभावित नजर आए। एसवीएम स्कूल मंडी में मंगलवार को विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों की ओर से तैयार मॉडल प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें रखे मॉडलों में विद्यार्थियों की सोच और प्रतिभा साफ झलक रही थी। छात्र उत्कर्ष और पुनीत ने कोल्ड स्टोरेज विद आउट इलेक्ट्रिसिटी थीम पर मॉडल तैयार किया था। इस मॉडल में छात्रों ने बिना बिजली से चलने वाला कोल्ड स्टोरेज तैयार किया। जिसमें कूलिंग के लिए लकड़ी के बुरादे का प्रयोग कर उसमें ड्रिप से पानी डाला गया। छात्रों का कहना है कि इस तरह के कोल्ड स्टोरेज से बिजली का खर्च बचेगा। वहीं, चोरी की बढ़ती वारदातों को रोकने के लिए छात्र शुभम और राघव ने एंटी थीप वर्जर अलार्म मॉडल तैयार किया। इस तकनीक का प्रयोग बैंकों, घरों और दुकानों में भी कर सकते हैं। दरवाजे पर लगे लॉक पर लाइट पड़ते ही अलार्म बजेगा। छात्र अभिषेक कपूर और शुभम कपूर ने इलेक्ट्रोनिक्स वाटर डिफ्थ मेयरमेंट मॉडल तैयार किया। जिससे आसानी से टैंक में मौजूद पानी की मात्रा को माप सकते हैं। छात्र सिद्धार्थ ठाकुर, सूरज कुमार, अमित शर्मा ने मैथ इज नेचर मॉडल को तैयार किया। जिसमें यह दिखाया कि मैथ की थ्योरी प्रकृति में ही मौजूद है। मैथ का यह मॉडल छात्रों ने गणित की टीचर हिमानी बिष्ट के मार्गदर्शन में तैयार किया। छात्र गगन शर्मा और सुधांशु गुप्ता ने थेडो लाइट मॉडल तैयार किया। इससे किसी भी पहाड़ और भवन की ऊंचाई को आसानी से माप सकते हैं। इसके अलावा छात्र-छात्रों ने जलविद्युत परियोजना, ह्यूमन ब्रेन, सौर ऊर्जा, क्राफ्ट आदि थीम पर मॉडल तैयार कर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया
