
देहरादून। प्रेम प्रसंग के चलते स्कूली छात्रा और प्राइवेट जॉब करने वाले युवक ने हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की। अचानक घर पहुंचे युवक के परिजनों ने जब दोनों के हाथों से खून बहते देखा तो उनके होश उड़ गए। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के बाद पुलिस द्वारा लिए गए बयान में दोनों ने परिजनों के डर से प्रेम प्रसंग से इनकार कर दिया। बाद में छात्रा के बयान के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
चंद्रबनी निवासी एक नाबालिग छात्रा का प्रेम प्रसंग क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के युवक से चला रहा है। युवक प्राइवेट जाब करता है। जबकि उसके पिता दून में एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट में पढ़ाते हैं। दोनों के परिजनों ने उनके रिश्तों पर एतराज किया तो उन्होंने जीवन समाप्त करने की ठानी। शुक्रवार शाम को युवक अपनेे साथ छात्रा को लेकर सोसाइटी एरिया स्थित घर आया। उस समय घर पर कोई परिजन नहीं था। दोनों ने ब्लेड से हाथ की नस काट ली। इसी दौरान वहां युवक के परिजन भी पहुंच गए। दोनों के हाथ से खून बहता देखा तो परिजनों के पांव के नीचे की जमीन खिसक गई। तुरंत 108 को बुलाया गया और दोनों को दून अस्पताल पहुंचाया गया।
उपचार के बाद पुलिस की पूछताछ में दोनों ने प्रेम संबंधों से इंकार कर दिया। मामले की जांच पंडितवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी मंजुल रावत को दी गई है। उन्होंने बताया कि युवक और छात्रा के बयान ले लिए गए हैं। युवती के बयान के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
