छात्रा आत्महत्या मामला, कुलपति को सौंपी रिपोर्ट

पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि की छात्रा के आत्महत्या मामले की जांच रिपोर्ट आखिर कमेटी ने विवि प्रशासन को सौंप दी है। हालांकि, रिपोर्ट में क्या है, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि विवि के कुलपति ने जांच को लेकर तीन सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया था। छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में दो प्राध्यापकों पर आरोप लगाए थे कि उनकी प्रताड़ना से तंग होकर वह आत्महत्या कर रही है। इसके बाद मचे हो हल्ले पर वीसी ने कमेटी का गठन कर उन्हें एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस रिपोर्ट को करीब पंद्रह दिन देरी से प्रशासन को सौंपा गया है। अब रिपोर्ट में सामने क्या आता है, इसकी जांच कुलसचिव भी करेंगे और उसके आधार पर ही अगली कार्रवाई होगी। जबकि देरी से सौंपी गई रिपोर्ट पर कई लोग सवाल भी उठा रहे हैं।
कमेटी के अध्यक्ष डा. पीके शर्मा ने कहा कि रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी है। कुलपति डा. एसके शर्मा ने कहा कि रिपोर्ट को कुलसचिव को भेजा गया है। उसके बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।

घटनाक्रम
27 मई रात को विवि के कालेज में बीएससी फाइनल कर रही छात्रा ने खाई में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने अपने सुसाइड नोट में विवि के दो प्राध्यापकों पर कथित रूप से प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। उसके चलते यह कमेटी बिठाई गई थी।

Related posts