
चंबा(गीता)इस सत्र से साइंस इंस्पायर अवार्ड स्कीम ऑनलाइन होने जा रही है। इसके चलते छठी कक्षा से लेकर 10वीं कक्षा तक के स्कूली बच्चे जो भी इस स्कीम के तहत आएंगे उनकी प्रोत्साहन राशि अब सीधे उनके खाते में जाएगी। जिला स्तर पर इसके लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद अब स्कूलों के इंजार्च को इस संदर्भ में ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ट्रेनिंग स्कूल मुखियाओं को इंस्पायर अवार्ड स्कीम के जिला नोडल अधिकारी देंगे। इसके बाद स्कूल मुखिया स्कूल स्तर पर आगामी कार्रवाई अमल में लाएंगे। स्कीम के जिला नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि प्रोत्साहन राशि ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए पहले छात्रों की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। साथ ही कहा कि स्कूल मुखिया अपने अधीनस्थ स्कूलों के साइंस इंस्पायर अवार्ड स्कीम के इंचार्ज को छात्रों की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश जारी करें। उन्हाेंने कहा कि छात्रों की रजिस्ट्रेशन का कार्य इसी माह पूरा हो जाना चाहिए। रजिस्ट्रेशन होने के बाद छात्रों के फार्म भरे जाएंगे। उल्लेखनीय है कि साइंस इंस्पायर अवार्ड स्कीम के तहत साइंस विषय के छात्रों को पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। उधर, उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने सभी स्कूल मुखियाओं को निर्देश जारी किए हैं कि साइंस इंस्पायर अवार्ड स्कीम के लिए सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय पर पूरी करें। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर स्कूल मुखियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
