छात्राओं पर टिप्पणी से कालेज में हंगामा

धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में एससीए और प्राध्यापक संघ आमने-सामने आ गए हैं। एक प्राध्यापक पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए भड़की एससीए ने शनिवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एससीए ने प्राध्यापक व प्राचार्य से छात्राओं से माफी मांगने की मांग की है। वहीं प्राध्यापक संघ ने एससीए प्रधान पर बदतमीजी का आरोप लगाते हुए उनके निलंबन की मांग उठाई है। साथ ही निलंबन न होने तक कक्षाओं का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एससीए प्रधान प्राचार्य से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बात करने गए थे। इस दौरान एक अन्य प्राध्यापक व प्राचार्य के साथ उनकी बहस हो गई। इसके बाद यह पूरा बवाल खड़ा हुआ। शनिवार को इसी के विरोध में एससीए व एबीवीपी ने कालेज में कक्षाओं का बहिष्कार कर दिया। एससीए ने प्राध्यापक व प्राचार्य से कालेज की छात्राओं से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की है। प्रधान आदित्य पंडित का कहना है कि जब तक छात्राओं से माफी नहीं मांगी जाएगी, कक्षाओं का बहिष्कार जारी रहेगा। उधर, प्राध्यापक संघ ने बैठक बुलाकर एससीए पदाधिकारियों के व्यवहार व उनके द्वारा की गई नारेबाजी पर कड़ा संज्ञान लिया है। प्राध्यापक संघ ने निर्णय लिया है कि जब तक एससीए प्रधान को निलंबित नहीं किया जाता। वह कालेज में कक्षाओं का बहिष्कार करेंगे।

नहीं की कोई टिप्पणी : प्राध्यापक
संबंधित प्राध्यापक का कहना है कि उन्होंने इस तरह की कोई टिप्पणी नहीं की है। एससीए पदाधिकारी बात को बढ़ा-चढ़ाकर बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लिखित रूप में शिकायत देने की बात कही थी। इस पर वह भड़क उठे व उनसे बदतमीजी की।

सुरक्षा न मिलने तक करेंगे बहिष्कार : एससीए
एसीसीए प्रधान आदित्य पंडित व उपप्रधान मनदीप कौर का कहना है कि जब तक प्राध्यापक माफी नहीं मांगते तथा कालेज में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम नहीं उठाए जाते। एससीए व एबीवीपी कालेज में कक्षाओं का बहिष्कार जारी रखेगी।

निलंबन न किया तो कक्षाओं का बहिष्कार : संघ
प्राध्यापक संघ के प्रधान डा. सतीश ठाकुर का कहना है कि एससीए पदाधिकारियों द्वारा प्राध्यापक से की बदतमीजी व उनके खिलाफ की गई नारेबाजी से सारा शिक्षक वर्ग खफा है। उन्होंने कहा कि संघ ने फैसला लिया है कि जब तक एससीए प्रधान को निलंबित नहीं किया जाता वह कक्षाओं का बहिष्कार करेंगे। उधर कालेज प्राचार्य प्रो. आरपी चोपड़ा का कहना है कि प्राध्यापक ने कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है।

Related posts