छात्राओं ने जाना, कैसा है गांवों का जीवन

बिलासपुर। ग्रामीण परिवेश तथा लोगों की दिनचर्या का जायजा लेने के लिए सरस्वती विद्या मंदिर कन्या उच्च विद्यालय निहाल की नौवीं कक्षा की छात्राओं ने कंदरौर पंचायत का भ्रमण किया। ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली तथा विकास योजनाओं बारे जानकारी हासिल करने के साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को भ्रूण हत्या, स्वच्छता व छुआछूत बारे जागरूक करने का प्रयास भी किया।
एसवीएम निहाल की लगभग तीन दर्जन छात्राआें ने प्रधानाचार्या चंद्रावती तथा शिक्षिकाओं शालू शर्मा व शैली के साथ कंदरौर पंचायत का भ्रमण किया। ग्राम दर्शन के लिए पंचायत के बेनला गांव पहुंची छात्राओं ने खेतीबाड़ी व पशु पालन जैसे रोजमर्रा के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों, महिलाओं व युवाओं से उनकी दिनचर्या को लेकर विस्तार से बातचीत की। बेनला में उन्होंने नशा निवारण पर एक नाटिका की प्रस्तुति भी दी।
बेनला गांव के बाद छात्राएं कंदरौर पंचायत के कार्यालय में पहुंचीं। पंचायत प्रधान उर्मिला शर्मा व उपप्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने उन्हें पंचायत की कार्यप्रणाली व विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं की ओर से पूछे गए सवालों का सिलसिलेवार जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासा को भी शांत किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने एसवीएम स्कूल प्रबंधन द्वारा ग्राम दर्शन कार्यक्रम का आगाज कंदरौर पंचायत से करने पर उनका आभार जताया।

Related posts