
टनकपुर। बीपीएल परिवार की इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को समाज कल्याण विभाग ने कैंप लगाकर गौरा देवी कन्याधन योजना के तहत एनएससी (राष्ट्रीय बचत पत्र) प्रदान की। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने कहा कि सरकार की यह योजना बीपीएल परिवार की बालिकाओं की उच्च शिक्षा में मददगार साबित हो रही है।
मंडी समिति कार्यालय परिसर में आयोजित कैंप में समाज कल्याण विभाग ने 175 लाभार्थी छात्राओं को कन्याधन योजना के तहत 25-25 हजार रुपये की एनएससी प्रदान की। एनएससी का वितरण मुख्य अतिथि के अलावा विशिष्ट अतिथि मंडी समिति सभापति हरीश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी ने किया। इस मौके पर एक विकलांग को कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के लिए आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सभासद देवेंद्र सिंह, गिरीश खर्कवाल, मुकेश साहू, पूजा निषाद, राजेंद्र रजवार, जया देवी, सौरभ अग्रवाल, शोभा देवी, ग्राम प्रधान जाहिरा खातून, कमला चंद आदि मौजूद थे।
