छात्राओं की सुरक्षा को उड़न दस्ता

पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि पालमपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक कुलपति डा. केके कटोच की अध्यक्षता में हुई। इसमें कमेटी के सभी मनोनीत सदस्यों समेत छात्रों के अभिभावकों ने भाग लिया। जबकि बैठक में विवि व स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
कुलपति ने कहा कि यह कृषि विश्वविद्यालय पूर्णतया रैगिंग मुक्त है और इसे हर हालत में भविष्य में भी रैगिंग मुक्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न निर्देशों की अनुपालना के तहत इस विवि में भी रैगिंग रोकने के विभिन्न उपाय किए गए हैं। विवि में लड़कियों की बढ़ी हुई संख्या के मद्देनजर और छात्राओं के छात्रावासों पर नजर रखने के लिए विशेष रूप से चार सदस्यीय एंटी-रैगिंग महिला उड़नदस्ते का गठन किया गया है। इस अवसर पर पालमपुर के उप पुलिस अधीक्षक नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस एंटी रैगिंग समिति के मामले में विवि का पूरा साथ देगी। इसके अतिरिक्त कुलसचिव अश्विनी कुमार चौधरी, छात्र कल्याण अधिकारी डा. वाईएस पाल, कृषि महाविद्यालय के डीन डा. पीके शर्मा, गृह विज्ञान महाविद्यालय के डीन डा. रेखा कटारिया मल्होत्रा डाजीसी नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के डीन डा. सी वार्ष्णेय तथा अन्य सदस्यों, छात्रों व उनके अभिभावकों ने भी अपने विचार रखे।

Related posts