छात्राएं तय करेंगी हार जीत का फैसला

रोहडू। क्षेत्र के तीन कालेजों में आज 2097 विद्यार्थी अपने मत का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव में सभी छात्र संगठनों की साख दांव पर लगी हुई है। तीनों कालेजों में छात्राओं की संख्या अधिक है। ऐसे में छात्राओं का रुझान ही प्रत्याशियों की जीत हार का फैसला करेगा।
पीजी कालेज सीमा में विद्यार्थियों की संख्या सबसे अधिक है। कालेज में कुल मतदाता 1542 हैं। इनमें छात्रों की संख्या 662 और छात्राओं की संख्या 880 है। कालेज में पिछले वर्ष एनएसयूआई ने अपना परचम लहराया था। कालेज में छात्राओं की अधिक संख्या के चलते छात्र संगठनों की नजर छात्राओं पर टिकी हुई है।
सरस्वतीनगर कालेज में कुल मतदाताओं की संख्या 448 है। इसमें छात्राें की संख्या 150 और छात्राओं की संख्या 298 है। कालेज में पिछले वर्ष एबीवीपी ने अपना परचम लहराया था। कालेज में एबीवीपी, एनएसयूआई और एसएफआई में टक्कर है। संस्कृत कालेज जांगला में कुल मतदाताओं की संख्या 107 है। इनमें से छात्रों की संख्या 49 और छात्राओं की संख्या 58 है। इस वर्ष कालेज में एनएसयूआई और एबीवीपी के प्रत्याशी मैदान में हैं। कालेज में एसएफआई ने अपना पैनल नहीं उतारा है। शुक्रवार को प्रत्याशियों ने छात्रों के घर घर जाकर चुनाव प्रचार किया। पूरे पैनल के साथ छात्र संगठन गांव-गांव जाकर छात्रों से अपने पक्ष में वोट डालने की अपील करते दिखे।

Related posts