छात्राएं करेंगी एससीए का फैसला

मंडी। जिला मंडी के सभी कॉलेजों में छात्र संगठनों ने एससीए चुनाव में जीत हासिल करने को लेकर सियासत तेज कर दी है। पैनल की चारों सीटों पर दमदार प्रत्याशियों को उतारने के लिए छात्र संगठनों के कार्यकर्ता वोटर विद्यार्थियों को रिझाने में जुट गए हैं। 17 अगस्त को होने वाले छात्र संघ चुनाव के लिए कॉलेज प्रशासन मतदाता सूचियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
एससीए चुनाव को अब एक सप्ताह से कम समय बचा है। ऐसे में सभी संगठनों के छात्र नेता अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। रविवार को अवकाश होने पर भी छात्र संगठनों के कार्यकर्ता व्यक्तिगत संपर्क साधने में जुटे रहे। जोगिंद्रनगर कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एसएफआई ने पैनल घोषित कर चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। वहीं, करसोग कालेज में एबीवीपी ने पैनल के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। अभी तक जिले के सबसे बड़े वल्लभ कालेज मंडी, सुंदरनगर, सरकाघाट में किसी भी संगठन ने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। इस छात्र संघ चुनाव में पधर कॉलेज में सबसे कम 237 मतदाता हैं। जबकि, मंडी कॉलेज में सबसे अधिक 4082 मतदाता हैं। मंडी कॉलेज में सोमवार को मतदाताओं की फाइनल लिस्ट जारी की जाएगी। प्रदेश सरकार की ओर से जिला मंडी के बलद्वाड़ा, रिवालसर, लडभड़ोल, निहरी कॉलेज को बंद किया है।
सोमवार को कालेज खुलने पर छात्र संगठन अपना प्रचार अभियान तेज करेंगे। इस बार सरकाघाट और धर्मपुर कालेज में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने में छात्राओं की अहम भूमिका होगी। सरकाघाट कालेज में कुल 2018 मतदाताओं में से 1310 छात्रा मतदाता हैं। जबकि, धर्मपुर कालेज में 246 मतदाताओं में 180 छात्राएं हैं। करसोग कालेज में 1533 मतदाता हैं। जिसमें करीब 955 छात्रा मतदाता हैं। पधर कालेज में 237 मतदाता हैं। जिनमें छात्र मतदाता मात्र 60 और छात्रा मतदाता 177 हैं। छात्र संगठनों की नजरें छात्राओं के वोट बैंक पर टिकी हैं।

Related posts