
काशीपुर। राधेहरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन भारी सुरक्षा व्यवस्था के चलते शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पुलिस ने किसी भी छात्र नेता को परिसर के भीतर भटकने तक नहीं दिया। विभिन्न पदों के लिए 33 छात्र-छात्राओं ने नामांकन पत्र भरे। जिनमें अध्यक्ष पद के लिए दो, उपाध्यक्ष पद के 6, उपाध्यक्ष (छात्रा) 2, सचिव 3, संयुक्त सचिव 3, कोषाध्यक्ष 4, विभिन्न संकायों के लिए 13 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
चुनाव प्रभारी मनोज उप्रेती के नेतृत्व तथा प्राचार्य अर्जुन सिंह सिराडी के निर्देशन में डा.मामचंद, डा.एसएन राव, डा.मधुकेश गुप्ता, डा.विरेंद्र सिंह, डा.विनोद कुमार, डा.लवकुश, डा.छाया चतुर्वेदी, डा.अनुपमा त्रिपाठी ने वाणिज्य संकाय भवन में नामांकन पत्र जमा कराए। विद्यालय परिसर गेट पर ही बड़ी संख्या में पुलिस तथा पीएसी और एक दर्जन दरोगा तैनात थे। पुलिस ने केवल नामांकन भरने वालों को ही परिसर के अंदर जाने दिया। पुलिस की सख्ती के चलते उम्मीदवारों के समर्थक सड़क से दूर अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारे लगाते रहे। अध्यक्ष पद के लिए अवतार सिंह व अर्पित शर्मा, उपाध्यक्ष पद के लिए महेंद्र सिंह, सौरभ अदलक्खा, मानसी पूठिया, निहाल वर्मा, शिवम शर्मा बिट्टू, उपाध्यक्ष (छात्रा) पद के लिए अर्चना तथा दीपिका, सचिव पद के लिए गुरविंदर सिंह, अब्दुल समीर तथा शिखर खुराना, संयुक्त सचिव के लिए दीपक सिंह गुंसाई, अमीर अली तथा सुरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष के लिए अमरजीत सिंह, सुनील कुमार, अचल अग्रवाल, नासिर हुसैन ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
