
अल्मोड़ा। छात्रसंघ चुनाव संपन्न होने के बाद अवैध वसूली की शिकायतें मिलनी शुरू हो गई हैं। खुद को छात्रसंघ से जुड़ा बताने वाले कुछ युवक लोनिवि के अधिशासी अभियंता कार्यालय में आए और धमकी देते हुए पैसे की मांग की। लोनिवि के अधिकारियों कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
लोनिवि (पीएमजीएसवाई) के अधिशासी अभियंता के अलावा उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ और मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि गत दिवस कुछ छात्र उनके कार्यालय में पहुंचे। इनमें से एक ने खुद को छात्रसंघ से जुड़ा बताते हुए पैसे की मांग की। आरोप है कि पैसा नहीं देने पर यह लोग अभद्रता करने लगे और धमकी देकर चले गए। पत्र में कहा गया है कि कुछ अन्य युवक भी आए दिन आफिस में आकर पैसे की मांग कर रहे हैं। जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों में असुरक्षा व्याप्त है और वह अपना काम ठीक से नहीं कर पा रहे हैं।
लोनिवि मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के क्षेत्रीय महामंत्री चंद्रमणि भट्ट ने कहा है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। इधर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा ने कहा है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
