
रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव नजदीक आते ही महाविद्यालय का माहौल गरमाने लगा है। आधा दर्जन युवकों ने महाविद्यालय परिसर में छात्रसंघ अध्यक्ष से मारपीट कर दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने हवाई फायर भी किया। मामले की तहरीर पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्रसंघ अध्यक्ष मनीष गोस्वामी बुधवार दोपहर अपने साथी के साथ महाविद्यालय में था। वह एक छात्र का फार्म जमा कर रहा था। इसी बीच दो कारों में सवार आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे और उससे गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने छात्रसंघ अध्यक्ष से मारपीट कर दी। इससे महाविद्यालय में अफरातफरी मच गई। छात्र मौके पर एकत्र होने लगे तो हमलावरों ने हवाई फायर कर दी। जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर रम्पुरा चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। छात्रसंघ अध्यक्ष अपने साथियों के साथ कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर सौंपी। एएसपी यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
