छात्रवृत्ति योजनाओं का प्रारूप बदला

हमीरपुर। शिक्षा विभाग ने छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही एक नई व्यवस्था और भी लागू की है। इसके तहत मेरिट आधार पर दी जाने वाली छात्रवृत्ति योजनाओं में केवल सूची में शामिल छात्र ही आवेदन कर सकेंगे। यह सूची शिक्षा बोर्ड जारी करेगा। पूर्व में योजनाओं के तहत न्यूनतम अंक प्रतिशतता निर्धारित की गई थी। अंक सीमा में आने वाले समस्त छात्र आवेदन कर सकते थे। प्राप्त आवेदनों के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार की जाती थी। योजनाओं के तहत सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना, एससी/ओबीसी वर्ग के छात्रों के लिए डा. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना तथा एसटी वर्ग के छात्रों के लिए ठाकुर सेन नेगी उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना शामिल हैं। स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति योजना के तहत न्यूनतम अंक प्रतिशतता 77 प्रतिशत निर्धारित की गई थी। ठाकुर सेन नेगी और डा. अंबेडकर छात्रवृत्ति योजनाओं में 72 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले छात्र आवेदन कर सकते थे, लेकिन अब प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी मेरिट में शामिल छात्र ही आवेदन कर सकेंगे। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर आरसी तबयाल का कहना है कि निदेशालय से निर्देश मिले हैं। समस्त स्कूलों को निर्देशों से अवगत करवा दिया गया है। छात्र का फार्म भरने से पूर्व मेरिट में स्थान अवश्य जांच लें।

अभी नहीं डाली गई है मेरिट
शिक्षा विभाग ने छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया को लागू कर दिया है। छात्रों के आवेदन को अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की है। अभी मेरिट ई-पास की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। कुछ योजनाओं के तहत विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। इसमें केवल मेरिट में आने वाले छात्र ही आवेदन कर पाएंगे। हजारों छात्रों, अध्यापकों के लिए उलझन की स्थिति है कि बिना मेरिट के आवेदन प्रक्रिया को पूरा कैसे करें?

कितनों को मिलेगी छात्रवृत्ति
डा. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना – 2000 छात्र-छात्राएं
ठाकुर सेन नेगी उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना – 100 छात्र, 100 छात्राएं
स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना – 2000 छात्र-छात्राएं
कल्पना चावला छात्रवृत्ति योजना – 2000 छात्राएं
इंदिरा गांधी उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना – 150 छात्र-छात्राएं
—-

Related posts