
होली (चंबा)। जीएमआर कंपनी के अधिकारियों और ग्रामीणों मेें हुई झड़प के मामले में पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार किया है। वीरवार को इन सभी को गिरफ्तार करके चंबा स्थित कोर्ट में पेश किया गया। जहां से इन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है। इन युवकों में भाजपा के पूर्व पदाधिकारी का बेटा भी शामिल है। उधर, इन युवकोें की गिरफ्तारी के बाद मंडल भाजपा और भाजयुमो भड़क उठे हैं। इन दोनों संगठनों के नेताओं ने इस मामले में वन मंत्री पर कंपनी के साथ मिलकर भाजपा कार्यकर्त्ताओें को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को जीएमआर के अधिकारी की मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर पुलिस ने पहले छह अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद ग्रामीणों की शिनाख्त के आधार पर चमन लाल, मनोज कुमार, टेक चंद, संजय कुमार, अशोक कुमार और वीरेंद्र गौतम को इस मामले में नामजद किया गया। पुलिस ने बुधवार को ही इनकी तलाश शुरू कर दी थी। वीरवार को इन सभी ने गैहरा पुलिस चौकी में गिरफ्तारी दे दी थी। ज्ञात रहे कि होली-न्याग्रां रोड पर दयोल पंचायत के पास जीएमआर ने सड़क बनाने का काम लगा रखा था। इस दौरान क्रशर से लदे ट्रक को पास करते समय यह ट्रक खाई में गिर गया था। इसमें ट्रक चालक की मौत हो गई है। मंगलवार शाम को दुर्घटना के बाद ये युवक मौके पर पहुंचे और अधिकारियों पर जबरन ट्रक पास करवाने और सड़क को बाधित करके दुर्घटना का कारण बनने का आरोप लगाया तो कंपनी के दो अधिकारियों से उलझ पड़े थे। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच में यह बात सामने आई है कि भाजपा के एक नेता ने जीएमआर को अपना भवन किराये पर दिया था। बाद में इसे शिफ्ट कर लिया गया था। पुलिस का तर्क है कि इसके चलते यह नेता कंपनी पर भड़का हुआ था। मंगलवार को दुर्घटना के दौरान उलझे युवकों में इस नेता का बेटा भी शामिल था। एसपी बीएम शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
