
बलद्वाड़ा (मंडी)। बलद्वाड़ा क्षेत्र के लोगों को सरकारी उपस्वास्थ्य केंद्राें में दवाइयों के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। एफआरयू बलद्वाड़ा में दवाइयाें का पर्याप्त स्टॉक पहुंच गया है। अमर उजाला में समस्या को उठाने के बाद विभाग हरकत में आया है। छह माह से बंद पड़ी दवाइयों की सप्लाई बहाल हो गई है। विभाग जल्द ही उप-स्वास्थ्य केंद्राें को दवाइयाें की खेप जारी करेगा। बलद्वाड़ा क्षेत्र में 33 उपस्वास्थ्य केंद्र हैं लेकिन, किसी भी उपस्वास्थ्य केंद्र को पिछले छह माह से दवाइयाें की आपूर्ति नहीं हो रही थी। दवाइयों की आपूर्ति बंद होने से लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा था। अमर उजाला ने 26 जुलाई को ‘सरकारी दवाइयों की सप्लाई रुकी’ शीर्षक के साथ इस खबर को प्रमुखता के साथ उठाया था। इस बाबत स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर से भी बात की थी। स्वास्थ्य मंत्री ने दवाइयाें की सप्लाई जल्द बहाल करने की बात कही थी। अब एफआरयू बलद्वाड़ा में दवाइयों की खेप पहुंच गई है। इससे लोगाें ने राहत की सांस ली है। लोगों को अब मेडिकल स्टोर और अन्य जगहों से महंगे दामाें पर दवाई नहीं खरीदनी पड़ेगी। इधर, पुष्टि करते हुए ब्लॉक मेडिकल आफिसर एके सिंह ने बताया कि दवाइयाें की खेप पहुंच गई है। जल्द ही दवाइयां उप स्वास्थ्य केंद्रों को बांट दी जाएगी।
