छह माह से नहीं मिला सस्ता आटा

छह माह से नहीं मिला सस्ता आटा
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा के आधा दर्जन डिपुओं में छह महीने से आटा नहीं पहुंचा है। इसके कारण सैकड़ों राशनकार्ड धारकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। छह माह से क्षेत्र के इन डिपुओं में आटे की सप्लाई नहीं हो पाई है, वहीं संबंधित विभाग की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। विभाग की लापरवाही के कारण गरीबों को सस्ते राशन की सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
सनवाल पंचायत प्रधान कर्म चंद, डोगरू राम, योगराज, चुनी लाल, शेर दीन, लेख राज, डुम राम और हरदवे ने बताया कि क्षेत्र के सनवाल, मकण, शलेलाबाड़ी, देहग्रां और चचलू डिपुओं में करीब छह माह से आटे की सप्लाई नहीं पहुंची है। इसके कारण उपभोक्ता दुकानों से महंगे दाम पर आटा खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। कुछ लोगों के घरों में मक्की भी खत्म हो चुकी है। ऐसे में लोग खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डिपुओं पर निर्भर रहते हैं, लेकिन छह माह से आटे की सप्लाई न होने से गरीब परिवारों को दो वक्त की रोटी के लाले पड़ने शुरू हो गए हैं।
मकण डिपो होल्डर केवल कृष्ण ने बताया कि उसके पास 207 राशनकार्ड धारक हैं, जिन्हें छह माह से आटा नहीं दिया गया है। सप्लाई न आने से राशनकार्ड धारकों को खाली हाथ भेजना पड़ रहा है। इस संबंध में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन सप्लाई नहीं पहुंची। पता चला है कि जो सप्लाई आती है, उसके आसपास के डिपो होल्डर उठा कर ले जाते हैं। ऐसे में दूरदराज के क्षेत्रों की गरीब आबादी इससे वंचित रह जाती है।
वहीं छह माह तक आटा सप्लाई न होने के बावजूद न तो प्रशासन और न ही विभागीय अधिकारी हरकत में आए हैं। इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक मोहन सिंह ने माना कि इस बार क्षेत्र में आटे की कम सप्लाई पहुंची है। वह मौजूदा समय में जिला से बाहर हैं। जल्द सप्लाई भेज दी जाएगी।

Related posts