छह माह बाद डोडरा क्वार सड़क बहाल

रोहडू। डोडरा क्वार संपर्क मार्ग आखिर छह माह बाद वाहनों के लिए बहाल हो गया है। इस संपर्क मार्ग पर बस सेवा भी बहाल हो गई है। भारी बर्फबारी के कारण सड़क को बहाल करने में लोक निर्माण विभाग को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग है कि अब डोडरा क्वार सड़क को शीघ्र पक्का किया जाए।
डोडरा क्वार क्षेत्र की पांच पंचायतों जिस्कून, जाखा, डोडरा, धंद्रवाड़ी तथा क्वार के लोगों को लाभान्वित करने वाली सड़क छह माह से बंद थी। स्थानीय लोग सड़क का लाभ नहीं उठा पा रहे थे। अब लोक निर्माण विभाग ने सड़क को खोलकर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी है। चांशल घाटी होते हुए निकलने वाली क्वार सड़क पर बस सेवा भी बहाल कर दी गई है। इससे स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। अब लोगों की मांग है कि पांच पंचायतों के हजारों लोगों को लाभान्वित करने वाली सड़क को अति शीघ्र पक्का किया जाए, जिससे बरसात के मौसम में भी सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। क्वार पंचायत के उपप्रधान शंकर चौहान, डोडरा पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश नंदियाण ने सड़क खोलने के लिए लोनिवि का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू किया जाए। कच्ची सड़क पर बरसात के मौसम में भी वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एनएल चौहान ने बताया कि सड़क को बड़े तथा छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। बस सेवा भी शुरू हो गई है। सड़क को पक्का करने का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।

Related posts