छह महीने बाद मिला कीड़े लगा राशन

सांगला (किन्नौर)। किन्नौर में छह महीने से इंतजार कर रहे लोगों को राशन मिला भी तो खराब। गटगांव, काफनू और भावानगर में बांटे गए राशन में कीड़े होने के कारण लोगों ने राशन डिपो को लौटा दिया। शिकायत के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सैंपल भर कर मामले की जांच के आदेश दिए।
सरकारी डिपो के राशन में कीड़े निकलने के पहले भी मामले सामने आ चुके हैं। इसके पहले रामपुर के अलावा कुल्लू जिले के कुछ क्षेत्रों में कीड़े लगा राशन बांटा था। सूचना मिलने पर बुधवार को विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी काफनू स्थित सरकारी डिपो पहुंचे। जांच के दौरान गेहूं, सफेद चने और चावल में कीड़े लगे मिले। इसके बाद डिपो से राशन के सैंपल भरे गए। उन्होंने राशन को बांटने पर रोक लगा दी। राशन संबंधित कंपनी को वापस भेजने के आदेश दिए। उन्होंने डिपो संचालकों को भी कहा कि अगर इस तरह का राशन डिपो में पहुंचता है कि तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों और उन्हें दें। इस मौके पर उनके साथ किन्नौर कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखी राम नेगी, निचार खंड कांग्रेस अध्यक्ष राज कुमार नेगी, महासचिव देव नेगी आदि मौजूद थे। दि भावा सीएमपी सोसायटी के अध्यक्ष दौलत राम नेगी ने घटिया राशन सप्लाई करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई। ताकि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं हो सके।

Related posts