छह टीवी जले, 200 बल्ब हुए फ्यूज

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत देहरा के लगभग आधा दर्जन गांवों में बिजली की वोल्टेज बढ़ने से कई विद्युत उपकरण जल गए हैं। इस कारण ग्रामीणों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को गांव देहरा, कुंडा, मैहला, शुमरा, कलपरेई और दतुईं में अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ गई। इससे स्थानीय बाशिंदों के करीब एक दर्जन टीवी जल गए हैं। इसके अलावा लगभग 200 बल्ब फ्यूज हो गए और कई लोगों के मोबाइल तथा चार्जर समेत कई विद्युत उपकरण जल गए हैं। ग्राम पंचायत देहरा के प्रधान प्रेम लाल ने बताया कि इन गांवों में लंबे समय से बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर कई बार बिजली की आंखमिचौनी रहती है। कई बार वोल्टेज इतनी बढ़ जाती है कि विद्युत उपकरण जल जाते हैं। स्थानी निवासी दिलीप, देवी सिंह, चमन लाल, लेख राज, प्रेम सिंह, चतरो राम, टेक चंद, सुरजन राम, चैनो, कुआंरा सिंह, सुरेंद्र कुमार और हेम राज ने बताया कि वोल्टेज बढ़ने के कारण उनके विद्युत उपकरण जल गए हैं। इस कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली की सप्लाई सुचारू की जाए। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में शरारती तत्व की ओर से छेड़खानी की गई थी। उन्होंने कहा कि टू फेस की जगह किसी ने थ्री फेस को जोड़ दिया था। इस कारण वोल्टेज बढ़ गई। उन्होंने कहा कि बोर्ड के कर्मचारियों ने लाइन को ठीक कर दिया है।
इंसेट…….
बिजली की तार में अचानक लगी आग
सेईकोठी में अचानक एक घर में बिजली की तार में आग लग गई। इससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को देवी सिंह निवासी सेईकोठी के घर की विद्युत लाइन में खराबी आ गई थी। इस कारण विद्युत तार ने आग पकड़ ली। उन्होंने लाइनमैन को सूचित किया। लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर लाइन को ठीक किया।

Related posts