छह घंटे बंद रहा चंबा-भरमौर मार्ग

भरमौर (चंबा)। चंबा-भरमौर मुख्य मार्ग लगभग छह घंटे बंद रहा। इसके कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार को सुबह करीब छह बजे भारी बारिश के चलते बत्ते दी हट्टी के पास भूस्खलन हो गया। इस कारण काफी मलबा सड़क पर आ गया। इससे मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग वाहनों की अदला बदली कर गंतव्य तक पहुंचे।
हालांकि लोक निर्माण विभाग ने दोपहर करीब 12 बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया, लेकिन लगभग छह घंटे सड़क बंद होने से दर्जनों वाहन फंसेे रहे और समय पर निर्धारित रूटों तक नहीं पहुंच पाए। बार-बार बारिश होने के कारण भरमौर को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला यह इकलौता मार्ग अवरुद्ध हो रहा है। इसके कारण आए दिन लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस मामले में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अरविंद भारद्वाज ने बताया कि मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही विभाग की मशीनरी और लेबर मौके पर भेज दी थी। दोपहर 12 बजे के करीब मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।

Related posts