छह घंटे जाम में फंसे सैंकड़ों देशी-विदेशी पर्यटक

स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर मरम्मत कार्य देशी-विदेशी सैलानियों और आम यात्रियों के लिए आफत बन गया है। रविवार को स्वारघाट के समीप गंभर पुल इलाके में मनाली की ओर जा रहे सैंकड़ों देशी-विदेशी सैलानी लगभग छह घंटे तक जाम में फंसे रहे। वहीं, आम यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हैरत यह है कि ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए इलाके में कुछ पुलिस जवानों की ही तैनाती की गई है।
सुबह तकरीबन दस बजे से दोपहर चार बजे तक सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। जाम कुछ खुला तो एक ट्रक बीच सड़क में खराब हो गया। हैरत यह है कि इस रूट पर ट्रकों की आवाजाही दिन को बंद कर दी गई है। सुबह नौ बजे से पहले ही ट्रक इस रूट पर जा सकते हैं। लेकिन, जाम की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह बिलासपुर से क्रास होने वाले ट्रक शाम तक स्वारघाट नहीं पहुंच पा रहे। इस वजह से 44 डिग्री तापमान में सैलानियों और आम यात्रियों को झुलसने के लिए विवश होना पड़ा। मनाली की ओर जा रहे हॉलेंड के पर्यटक मार्टिन, इजरायल के इदो ने कहा कि वह लगभग चार घंटे जाम में फंसे रहे।
दिल्ली से आए सुनील गोस्वामी का कहना था कि एक तो सड़क की हालत खस्ता उस पर लंबा ट्रैफिक जाम। उन्हें परेशान उठाना पड़ा। दिल्ली से मनाली लौट रहे लाहौल के अशोक ने बताया कि वह भी इस जाम से नहीं बच सके। जबली से वह दूसरी सड़क को मुड़े लेकिन वहां भी टारिंग का कार्य होने के कारण वह आगे नहीं बढ़ पाए। वापस एनएच पर आए। कुछ दूर चले तो एक ट्रक खराब हो गया। जिस वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि ट्रक शराब होने से समस्या ज्यादा आई थी। बाद में जाम खुलवा दिया गया।

Related posts