
लिल्ह (चंबा)। ग्राम पंचायत लिल्ह के आधा दर्जन गांवों में 10 दिन से बिजली गुल है। इसके चलते ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के कुनेड़, भगतोड़, नडारा, लाउणी, परोड़, वांदल गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से अंधेरा पसरा हुआ है। गृहिणियों और स्कूली बच्चों को रात के वक्त काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगा बिजली ट्रांसफार्मर जल गया है। इससे आधा दर्जन गांव अंधेरे में डूब गए हैं। बिजली आपूर्ति बहाल न होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं में बिजली बोर्ड के प्रति रोष पनपना शुरू हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों भीमसेन, ज्ञानो, पपू, जिजो, गाड़, व्यास देव, अमरो राम, चमन सिंह, विशाल कुमार, मनोज कुमार, जिंदू राम, अजीत, हैप्पी, विनय ने बताया कि पिछले दस दिनों से गांवों में बिजली गुल है। इस कारण काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को बिजली की समस्या के बारे में बता दिया गया है। दस दिनों के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में जल्द बिजली सप्लाई बहाल नहीं की गई तो वे सख्त कदम उठाने पर मजबूर हो जाएंगे। बिजली न होने के कारण उनके मोबाइल भी बंद हो गए हैं। मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ रहा है।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि यह मामला ध्यान में नहीं है। अगर ऐसा है तो जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
