छह गांवों में पंद्रह दिन से पानी नहीं

सरकाघाट (मंडी)। गर्मी का सीजन शुरू होते ही लोगाें को पेयजल किल्लत सताने लगी है। लेकिन विभाग के इंतजाम शुरुआत में ही जवाब दे गए हैं। उपमंडल सरकाघाट की बिंगा पंचायत के आधा दर्जन गांवों में पीने के पानी को लेकर हायतौबा मची हुई है। लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। यहां 15 दिन से लोगाें के घरों में पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। विभाग समस्या का समाधान भी नहीं कर पा रहा है।
पानी के बंदोबस्त में सुबह-शाम लोगाें के पसीने छूट रहे हैं। विभाग की आपूर्ति ठप होने से बिंगा, मढ़ी, चांबी, दवरोट और ललाणा गांवाें के लोग पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। लोग खड्डों और नालों का पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन विभाग की इस लापरवाही से लोगों को जलजनित रोगों के फैलने की आशंका है। प्रभावित लोगाें ने विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाया है।
महिला मंडल बल्याणा की प्रधान पवना कुमारी, सचिव प्रोमिला देवी, बबली, रोशन लाल, प्रेम सिंह, शिवराम, डागू राम, खजान सिंह, ओम प्रकाश, जगत राम, सुनील कुमार और सन्नी ने कहा कि पेयजल समस्या को लेकर वाटर गार्ड से लेकर सहायक अभियंता के कार्यालय तक गुहार लगा चुके हैं। लेकिन अभी तक समस्या का निदान नहीं हो सका। 15 दिन से ग्रामीण खड्डों और नालाें का पानी पीने को मजबूर हैं। इससे पीलिया और डायरिया फैलने का खतरा है। अधिशासी अभियंता आरएस ठाकुर ने पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल करने का आश्वासन दिया है।

Related posts