
मंडी। शहर के चौहटा बाजार स्थित नोटिस बोर्ड पर प्रतिदिन फलों एवं सब्जियों की रेट लिस्ट लगेंगी। यह प्रक्रिया इसी सप्ताह से शुरू हो जाएगी। सोमवार को डीसी देवेश कुमार ने विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए यह बात कही। कहा कि जिले के अन्य स्थानों पर भी फल एवं सब्जियों की रेट लिस्टें लगाए जाने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। इससे लोगों को फलों एवं सब्जियों के दामों के बारे में उचित जानकारी मिलेगी।
डीसी ने कहा कि नगर परिषद मंडी के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा कचरा इकट्ठा करने की योजना को शहर के बारह वार्डों में आरंभ कर दिया है। आवारा पशुआें की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिले में चल रहे गो सदनों में गायों को रखने की क्षमता बढ़ाई जाएगी। मंगवाई में विश्वकर्मा मंदिर से कैहनवाल बाईपास तक सामान की लोडिंग – अनलोडिंग के लिए स्थान चिन्हित कर पीली लाइनें लगाई जाएंगी।
पुलिस और नप अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित स्थलों में ही वाहनों को पार्क करने के लिए लोगों को प्रेरित एवं अनुशासित करें। शहर में गाड़ियों की पार्किंग बनाने के लिए स्थान चिन्हित किए हैं। लोगों की सुविधा के लिए कांगणी में बहुउद्देशीय हाल का निर्माण किया जाएगा। डीसी ने अधिकारियों से क्रियान्वित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीसी गोपाल चंद, एसडीएम शुभकरण सिंह, जिला राजस्व अधिकारी गौरव चौधरी, वन मंडल अधिकारी एसके सरवटा सहित विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।
