चौरास स्कूल में घुसा मलबा, दीवारों में दरार

नौहराधार (सिरमौर)। शिक्षा ख्ंाड नौहराधार के राजकीय प्राइमरी स्कूल चौरास तथा मिडिल स्कूल चौरास में बीती रात बारिश का पानी मलबे के साथ घुस गया। इससे दीवारों में दरार पड़ गई। कमरा मलबा घुसने के चलते पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे छात्र और अभिभावक चिंतित हो गए हैं। 6 कमरों में मलबा घुस गया है। नया कार्यालय भी बारिश की भेंट चढ़ गया है।
अध्यापक भारत भूषण ने बताया कि स्कूल में 85 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सभी कमरों में भयानक दरारें आ चुकी हैं। लिहाजा बच्चों को बारिश के बीच बरामदे में बिठाया जा रहा है। उधर, माध्यमिक पाठशाला में भी तकरीबन 55 बच्चे इस समय शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल के पीईटी शिक्षक तिलक राज ने बताया कि स्कूल की हालत खस्ता है। कमरे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। बच्चों की सुरक्षा की चिंता बनी हुई है। ग्राम पंचायत प्रधान चौरास मोहन लाल, अभिभावक जगमोहन पुंडीर, प्रताप सिंह, भगत सिंह, पदम देव, बिमला देवी, भारतू ने बताया कि शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन को चाहिए के वह क्षेत्र का दौराकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा पुख्ता करें। कार्यकारी खंड शिक्षा अधिकारी नौहरा रविंद्र चौहान ने बताया कि मौका मुआयना करने के बाद मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।

Related posts