चौरासी मंदिर मार्ग का होगा विस्तार!

भरमौर (चंबा)। उपमंडल प्रशासन ने चौरासी मंदिर के प्रवेश द्वार से मंदिर तक के 700 मीटर के मार्ग को चौड़ा करने की योजना बनाई है। इसके तहत इस मार्ग के तहत आने वाले दुकानदारों और अन्य निवासियों से सहयोग मांगा जाएगा। इसके लिए जल्द ही एडीएम भरमौर स्थानीय व्यापार मंडल व लोगों के साथ बैठक का आयोजन करेंगे।
यह मार्ग काफी तंग है। इस कारण यहां वाहनों को चलाने में दिक्कत होती है। मार्ग की दशा भी काफी खराब है। बाजार होने के कारण यहां दुकानदारों सहित स्थानीय निवासियों के घरों और दुकानों की सीढ़ियों सहित छज्जे आगे बढ़े हुए हैं। उपमंडल प्रशासन इन्हेें हटवा कर सड़क को चौड़ा करने के साथ ही इसका सौंदर्यीकरण करना चाहता है। यह तभी संभव है जब स्थानीय निवासियों का पूरा सहयोग प्रशासन को मिले। फिलहाल उपमंडल प्रशासन ने 700 मीटर लंबे इस मार्ग की दशा सुधारने की योजना बनाई है।
इसे अमलीजामा पहनाने के लिए व्यापार मंडल व स्थानीय निवासियों की सहमति जरूरी होगी। एडीएम बीआर कमल ने कहा कि सौंदर्यीकरण के साथ ही इस मार्ग को चौड़ा किए जाने की जरूरत है। जिससे यहां दो वाहनों की क्रॉसिंग संभव हो पाएगी। इसकी हालत सुधरने से यहां का सौंदर्यीकरण भी होगा। उपमंडल प्रशासन जल्द ही इसके लिए स्थानीय व्यापार मंडल और अन्य निवासियों के साथ बैठक का आयोजन करेगा। इसके बाद ही उचित निर्णय लिया जा सकेगा।

Related posts