
डीडीहाट। चौबाटी से जौरासी मोटर मार्ग के निर्माण की उम्मीद एक बार फिर जाग गई है। विधायक विशन सिंह चुफाल ने 14 किमी लंबे चौबाटी-जौरासी मोटर मार्ग का भूमि पूजन करते हुए कहा कि सड़क के बनने से काश्तकारों को सब्जियों, फलों आदि को बाजार तक ले जाने में आसानी होगी।
चौबाटी-जौरासी मोटर मार्ग को कई वर्ष पूर्व स्वीकृति मिल चुकी थी लेकिन वन विभाग की संस्तुति नहीं मिलने से सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका था। वन विभाग की ओर से स्वीकृति मिल जाने के बाद रविवार को विधायक चुफाल ने सड़क का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत स्वीकृत इस सड़क के बनने से क्षेत्र के एक दर्जन गांव यातायात सुविधा से जुड़ेंगे। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि मोटर मार्ग के लिए टेंडर हो चुके हैं। शीघ्र ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। भूमि पूजन में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देउपा, भगवान सिंह देउपा, मान सिंह चुफाल, खड़क सिंह देउपा, पूरन सिंह देउपा, नरेंद्र सिंह, भगवान सिंह मौजूद थे।
