
चंपावत। जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी ने पटवारियों के माध्यम से चौपाल लगाकर ग्रामीण समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए। यहां हुई राजस्व विभाग की मासिक बैठक में उन्होंने सभी एसडीएम को चौपाल के लिए रोस्टर बनाने को कहा। साथ ही पटवारियों के क्षेत्रों में औचक मुआयने की भी हिदायत दी गई।
डीएम ने नवंबर तक शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए। अमीनों और नायब तहसीलदारों का रोस्टर तैयार कर बडे़ बकाएदारों से वसूली को को स्वयं जाने को कहा गया। परिवहन विभाग से नियमविरुद्ध चलने वाले वाहनों पर छापामारी करने, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए अभियान चलाने को कहा गया। बताया गया कि आबकारी विभाग ने पिछले माह 37 छापे मारे गए। जिला पूर्ति अधिकारी विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि जिले में अब तक 193 सस्ते गल्ले की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
डीएम चौधरी ने आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए राजस्व और पुलिस विभाग में बेहतर समन्वय और सही विवेचना कर आरोपी को सजा दिलाए जाने पर जोर दिया। बैठक में एसडीएम नरेश दुर्गापाल, परितोष वर्मा, जेएस राठौर, सीओ पीएस पांगती, एआरटीओ विमल पांडेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय, लक्ष्मण सिंह रावत, शासकीय अधिवक्ता भास्कर मुरारी, एचसी उप्रेती आदि मौजूद थे।
