
चौपाल (शिमला)। चौपाल पंचायत समिति अध्यक्ष को लेकर चल रही खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को पंचायत समिति के चौदह सदस्यों ने भाजपा समर्थित अध्यक्ष सुशील चौहान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला दिया। पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव खंड विकास अधिकारी चौपाल दुष्यंत सरपाल को सौंपा दिया है।
पंचायत समिति वार्ड झीना से सुरेंद्र मोहन मेहता, देवत से दौलतराम नंटा, कुलग से बसंती देवी, पुलबाहल से रोशन लाल, बमटा से सुनीता देवी, खूंद नेवल से सरिता देवी, मालत से जगतराम, कुपवी से नारायण सिंह, धबास से सीमा ठाकुर, धार चांदना से हरिराम, मझोली से बलदेव समटा, पुजारली से सीमा राठौर, पबान से केवलराम चौहान तथा सरांह से सीमा झरटा ने भाजपा समर्थित अध्यक्ष सुशील चौहान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। बुधवार को जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जगदीश जिंटा, जिला महासचिव धीरेंद्र चौहान, महासचिव दिनेश भोटा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ठाकुर चंद्रमोहन, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र औक्टा, महासचिव दिनेश भोटा, कुपवी पंचायत प्रधान सुखराम, प्रताप नेगी, शिवलाल भोटा, धनीराम जस्टा तथा पंचायत समिति सदस्य सुरेंद्र मोहन मेहता ने सभी समिति सदस्यों का हस्ताक्षरित अविश्वास प्रस्ताव खंड विकास अधिकारी चौपाल दुष्यंत सरपाल को सौंपा।
दुष्यंत सरपाल ने अविश्वास प्रस्ताव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव की प्रति उचित कार्यवाही के लिए जिलाधीश शिमला तथा डीपीईओ शिमला को भेजी जाएगी। पंचायत समिति सदस्य सुरेंद्र मोहन मेहता ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव आ जाने के बाद वर्तमान अध्यक्ष की शक्तियां तुरंत प्रभाव से निरस्त की जाएं।
चौपाल भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र तंगड़ाईक ने पंचायत समिति अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को हास्यास्पद करार दिया है। उन्होंने बताया कि भाजपा इस प्रस्ताव को पास नहीं होने देगी। जिला कांग्रेस महासचिव धीरेंद्र चौहान ने कहा कि सरकार बदलने के बाद भाजपा समर्थित अध्यक्ष को बदलना पंचायत समिति सदस्यों ने तय कर लिया है।
