चौपाल ने दिखाया समस्याओं के समाधान का रास्ता

गोहर (मंडी)। गोहर पंचायत में शनिवार को प्रदेश के नंबर-वन समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ की ओर से चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें पंचायत के लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। तहसीलदार गोहर अनिल भारद्वाज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। चौपाल में जहां किसानों ने खाद और बीज न मिलने की समस्याएं उठाई, वहीं गोहर पंचायत के व्यापारियों ने स्ट्रीट लाइट, सीवरेज तथा ग्रामीणों ने पेयजल से संबंधित समस्याओं को विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम में नरसिंघा ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल गणई ने सहयोगी की भूमिका निभाई। गोहर, बाहवा, बासा, खारशी, चैलचौक, चच्योट, छम्यार, शिल्हणु और आसपास के पंचायतों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गोहर पंचायत के प्रधान अमृत लाल ने पंचायत में चौपाल कार्यक्रम करवाने के लिए ‘अमर उजाला’ का आभार जताया। साथ ही अधिकारियों का स्वागत किया। तहसील कल्याण अधिकारी गोहर भोपाल शर्मा ने कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। खारशी पंचायत प्रधान सुरेश मल्होत्रा ने कल्याण विभाग से पेंशन को लेकर किए जा रहे भेदभाव पर सवाल किया। गोहर के खूब राम ने अपने गांव की पानी और सड़क समस्या उठाई। आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र कुमार, एसडीओ लोनिवि गंगा राम और हिमफेड के अधिकारियों ने खूब राम के सवालों के जवाब दिए। गोहर पंचायत के उपप्रधान राम लाल ने कांढी टिल्ली सिंचाई योजना की समस्या को चौपाल में रखा। अधिकारियों ने समस्या को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। शिल्हणू पंचायत के उपप्रधान भीम सिंह ठाकुर ने कल्याण विभाग से सवाल उठाया कि मकान के लिए उनकी पंचायत से कल्याण विभाग को भेजे प्रार्थना पत्रों में एक का भी निपटारा नहीं किया गया है। मुरारी लाल शर्मा ने गोहर बाजार में स्ट्रीट लाइट, पुलिस गश्त, शौचालय की समस्या को उठाया। सवाल पर तहसीलदार गोहर ने कहा कि इस बारे में एसडीएम से बात कर समस्या का समाधान ढूंढा जाएगा।
गोहर थाना के एएसआई राम कृष्ण ने आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लोगों से सहयोग का आह्वान किया। किशोरी गुप्ता ने गोहर की सीवरेज समस्या और चैलचौक से गोहर तक कलवर्ट बंद होने के मसले को प्रमुखता से उठाया। हरीश कुमार शर्मा ने बार-बार बिजली गुल होने की समस्या रखी। शाला पंचायत के हेमराज ने अपनी पंचायत से मूल दस्तावेज गुम होेने की एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर सवाल उठाया। एएसआई राम कृष्ण ने उन्हें जल्द इस मामले के बारे में अवगत करवाने का आश्वासन दिया। प्लास गांव की प्रभी देवी ने अपने गांव की बंद पड़ी कूहल की समस्या को उठाया। आईपीएच विभाग ने जल्द मौके का मुआयना करने का आश्वासन दिया। टिल्ली गांव की सीता देवी ने सवाल उठाया कि उसके मकान पर मलबा गिरने से पानी आ रहा है। प्रशासन ने जल्द समस्या का समाधान ढूंढने का आश्वासन दिया।

Related posts