
चौपाल (शिमला)। चौपाल उपमंडल की ग्राम पंचायत ननहार के काटली शापड़ा गांव में आग लगने से दो मंजिला मकान जल कर राख हो गया। घटना बुधवार रात हुई है। हादसे में घर का पूरा सामान जल कर राख हो गया है। प्रशासन ने नुकसान का जायजा लेने के बाद प्रभावितों को फौरी राहत दे दी है।
आगजनी की घटना बुधवार रात करीब ढाई बजे की है। रात अचानक कपरूराम पुत्र पाणु के घर में आग भड़क गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बचाव तथा राहत कार्य की कोशिश में जुट गए लेकिन कुछ समय में ही घर के चार कमरे तथा भीतर का रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। आग से हजारों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। लोगों की मुस्तैदी तथा समय पर आग का पता चलने के बाद ही घर के भीतर सोए सभी लोग सुरक्षित बच निकले। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम चौपाल कृष्ण चंद ने कानूनगो को मौके पर भेजकर प्रभावित परिवार को दस हजार रुपये बतौर राहत राशि दी है। प्रशासन की ओर से नुकसान का जायजा लेने के आदेश भी किए गए हैं। उन्होेंने कहा कि प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आगजनी की घटना की सूचना मिलने पर प्रधान ग्राम पंचायत ननहार हेेमलता शर्मा तथा वार्ड मेंबर संजीव किमटा भी मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने प्रभावित परिवार को सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवार को जल्द नया मकान बनाने के लिए उचित सहायता प्रदान करने की मांग भी की है।
