
शिमला। बर्फबारी के चार दिन बाद भी राजधानी में जनजीवन पटरी पर नहीं लौट सका है। घर से सड़क तक जिंदगी जम गई है। कोल्ड जोन में पानी नहीं मिल रहा है। जम चुके पाइपों को आग से गरम कर जुगाड़ किया जा रहा है। बाल्टियों में बर्फ पिघलाकर लोग प्यास बुझा रहे हैं। पखेरू बर्फ में दाना खोज रहे हैं।
राजधानी शिमला के कोल्ड जोन एरिया में पीने के पानी के पाइप जम गए हैं। लोगों के घरों तक पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। नगर निगम द्वारा सभी क्षेत्रों के लिए सुचारु सप्लाई देने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन लोगों के निजी पाइप जमने से पानी का संकट गहरा गया है। कोल्ड जोन एरिया के तहत जाखू, यूएस क्लब, रिज माउंट, लक्कड़ बाजार, आईजीएमसी के पास, रुलदूभट्टा, संजौली, छोटा शिमला के आसपास वाले क्षेत्रों में जलसंकट गहरा गया है। जाखू के राज कुमार, प्रवीण वर्मा, अमित ठाकुर, कैथू के अजित ठाकुर, प्रकाश ठाकुर का कहना है कि भारी ठंड में पानी का इंतजाम करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फ के ठोस हो जाने के चलते अब उसे पिघलाना मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर पानी की पाइपों तक पहुंचना भी मुश्किल है।
