
अल्मोड़ा/सोमेश्वर/चौखुटिया। आपदा प्रभावितों की मदद के लिए लोग आगे आने लगे हैं। सोमेश्वर क्षेत्र की जनता ने एक ट्रक खाद्यान्न सामग्री गढ़वाल मंडल भेजी है। जबकि चौखुटिया के राजकीय शिक्षकों ने एक दिन का वेतन सीएम राहत कोष में देने की घोषणा की है।
सोमेश्वर क्षेत्र की जनता ने खाद्यान्न सामग्री से भरा ट्रक आपदा ग्रस्त क्षेत्र को भेजा है। क्षेत्रवासियों ने आटा, चावल, आलू, नमक, बिस्कुट, तेल, मसाले, सब्जी, दूध, चीनी आदि सामग्री भेजी है। ट्रक को तहसीलदार एनएस जीना, थानाध्यक्ष अरुण कमार वर्मा ने रवाना किया। ट्रक के साथ कैलाश बोरा, संजय बोरा, त्रिभुवन बोरा, विनोद बोरा, महेंद्र बोरा, दिनेश जोशी, बसंत कुमार, भूपाल बोरा, गिरधर बोरा, शंकर राणा, नंदन गिरि गोस्वामी गए हैं।
नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा की बैठक में केदारनाथ घाटी में आपदा से मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया गया। महासचिव दीप जोशी ने बताया कि कल 22 जून को दिन में 12 बजे से चौक बाजार में शोकसभा होगी। सभी व्यापारियों और आम जनता से शोकसभा में भागीदारी का आह्वान किया है।
चौखुटिया में राजकीय शिक्षक संघ की बैठक में आपदा पर दु:ख व्यक्त करते हुए सीएम राहत कोष में एक दिन का वेतन देने का निर्णय लिया गया। बैठक में आपदा के बावजूद स्थानांतरण प्रक्रिया जारी रखने संबंधी शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के बयान का स्वागत किया गया। बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष बलवंत नेगी, एलसी त्रिपाठी, गिरधर मनराल, प्रमोद शाह, टीएस बिष्ट, एसएस रावत, बीएस नेगी आदि ने विचार रखे।
