
रुद्रपुर। जिले में हो रहे अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने सुल्तानपुर पट्टी और बाजपुर क्षेत्र में छापामारी कर खनन में लिप्त आठ ट्रक सीज किए। जबकि छह ट्रकों को ओवर लोड में चालान कर दिया। इसके अलावा एसएसपी ने बाजपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक और पीएसी के प्लाटून कमांडर से स्पष्टीकरण भी मांगा। सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड लोडिंग पाए जाने पर एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने सुल्तानपुर पट्टी चौकी इंचार्ज सलाऊद्दीन सहित पांच पुलिस कर्मियों को भी लाइन हाजिर किया। इस दौरान एसएसपी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में अवैध खनन पाया गया तो थाना प्रभारी व संबंधित चौकी प्रभारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, जिले के सितारगंज, किच्छा, बाजपुर, काशीपुर में पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली नदियां भरपूर मात्रा में उप खनिज बहाकर लाती है। खनन माफिया राजनीतिक संरक्षण में इन नदियों से उप खनिज निकासी का अवैध कारोबार धड़ल्ले से कर रहे हैं। यह खबर अमर उजाला ने बीते दिनों प्रमुखता से प्रकाशित भी की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियान भी चलाया, लेकिन कहीं पर भी खनन होता नहीं मिला। इधर गुरुवार की रात एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने खुद ही खनन के खिलाफ गुप्त तरीके से अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने सुल्तानपुर पट्टी व बाजपुर क्षेत्र में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध खनन में लिप्त 14 ट्रक पकड़े। जिसमें आठ ट्रक को सीज कर दिया गया, जबकि छह ट्रकों को ओवरलोड पर चालान किया गया। क्षेत्र में हो रहे खनन और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश न लगाने पर एसएसपी रिद्धिम ने प्रभारी निरीक्षक बाजपुर व खनन क्षेत्र में ड्यूटी पर लगे पीएसी के प्लाटून कमांडर से स्पष्टीकरण भी मांगा।
