
बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल्लर में एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में गत बुधवार की रात हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चोर गिरोह का एक सदस्य वारदात के बाद ही हत्थे चढ़ गया था। उसके तीन अन्य साथियाें को पुलिस ने गत वीरवार रात चुराए गए सामान से लदे टेंपो समेत मंडी जिले से धर दबोचा।
एनएच-21 पर कल्लर में स्थित सुखराम की स्पयेर पार्ट्स की दुकान में गत बुधवार रात एक चोर गिरोह ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने वहां से लाखाें रुपये के स्पेयर पार्ट्स व अन्य सामग्री चुराकर उसे टेंपो में लाद दिया था। इसी बीच भनक लगने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी करके एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा था। अलबत्ता, उसके बाकी साथी सामान से लदे हुए टेंपो समेत फरार होने में सफल हो गए थे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए मंडी निवासी गुड्डू को हिरासत में ले लिया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी गुड्डू ने बाकी साथियाें के नाम-पते भी पुलिस के सामने उजागर कर दिए। सदर थाना प्रभारी राजकुमार के दिशा-निर्देशों के अनुसार गत वीरवार शाम को ही हेड कांस्टेबल नसीब खान व रमेश चंद की अगुवाई में एक टीम मंडी के लिए रवाना हो गई। देर रात पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा। इनमें बल्ह थानांतर्गत बाल्ट गांव का हेमचंद तथा भ्यूली निवासी दो सगे भाई संजीव व गुगलू उर्फ माना शामिल हैं। स्पेयर पार्ट्स की दुकान से चुराए गए सामान को भी टेंपो समेत एक जंगल से बरामद कर लिया गया। टेंपो व तीनों आरोपियों को बिलासपुर लाया गया है। इस मामले में अभी कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
