
चौखुटिया। चोरों ने मासी के भूमियां मंदिर के दानपात्र को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन दानपात्र पूरी तरह से न टूटने से उसमें रखी 20 हजार रुपये की नकदी सुरक्षित बच गई। राजस्व पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
भूमियां मंदिर समिति के सचिव खीमानंद कबडवाल ने बताया कि चोरों ने बुधवार की रात मुख्य मंदिर के चैनल का ताला तोड़कर अंदर रखे दान पात्र को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरी तरह से नहीं टूट पाने के कारण उसमें रखी बीस हजार रुपये की राशि बच गई। व्यापार संघ मासी के अध्यक्ष गोपाल मासीवाल ने चोरी की घटना पर रोष जताते हुए कहा है कि पूर्व में हुई चोरियों का भी कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि चोरों ने इसी मंदिर का ताला तीन बार तोड़ दिया है परंतु राजस्व पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।
इधर मासी के राजस्व उपनिरीक्षक महेश तिवारी ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर एकांत स्थान पर है। प्रशासन द्वारा कई बार मंदिर समिति से चौकीदार अथवा किसी संत को मंदिर में रखने का सुझाव दिया गया लेकिन आज भी वहां कोई नहीं रहता है।
