
अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर स्थित बाड़ेछीना कस्बे में लगे एसबीआई के एटीएम में गत रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों ने एटीएम का कवर तोड़ डाला। कैश बाक्स तोड़ने में सफल नहीं होने पर चोर एटीएम कक्ष में लगा एसी चुरा ले गए और सीसी कैमरा तोड़ गए। इसके बाद चोर एटीएम का शटर गिरा गए। बैंक शाखा और एटीएम मशीन में कोई रात्रि चौकीदार तैनात नहीं रहता। मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
बाड़ेछीना कस्बे के आबादी क्षेत्र से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर पिथौरागढ़ मार्ग में एसबीआई की शाखा स्थित है। शाखा परिसर में ही एटीएम लगा है। शनिवार रात चोरों ने एटीएम में चोरी का प्रयास किया। चोरों ने एटीएम में लगा सीसी कैमरा तोड़ रखा है। साथ ही कैश चोरी करने के लिए एटीएम मशीन का पूरा कवर तक तोड़ डाला है। चोर एटीएम का कैश बाक्स तोड़ने में सफल नहीं हुए। एटीएम में लगा एसी चुरा ले गए। किसी को शक न हो इसके लिए चोर एटीएम का शटर डाउन कर भाग गए।
एसबीआई के बाड़ेछीना शाखा प्रबंध पीएल आर्या ने बताया कि रविवार दिन में कोई व्यक्ति एटीएम में पैसा निकालने गया तो उसने शटर उठाकर देखा तो एटीएम क्षतिग्रस्त था। संबंधित व्यक्ति ने इसकी सूचना बाड़ेछीना में रहने वाले बैंक कैशियर को दी। इसके बाद उन्हें करीब एक बजे सूचना मिली। उन्होंने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कराने वह स्थानीय पटवारी चौकी में गए, लेकिन पटवारी वहां नहीं थे। जिससे प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि एटीएम की देखरेख, मेंटिनेंस और कैश डालने की जिम्मेदारी आउट सोर्सिंग एजेंसी ‘प्रिज्म’ की है। संबंधित एजेंसी के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। शाखा प्रबंधक ने बताया कि घटना के बारे में उन्होंने विभाग के उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया है।
