
पधर (मंडी)। पधर के कुन्नू क्षेत्र में चोरियों की वारदात से दहशत का मौहाल बना है। शनिवार रात को कुन्नू के साहल घड़ोपा गांव में चोरों ने चोरी करने के बाद रविवार रात को समीप के भटेहड़ गांव में सड़क के किनारे पार्क की गई कार में लगे डीवीडी सिस्टम को चुरा लिया। कार के भीतर रखा अन्य सामना सुरक्षित है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक हिमाचल पथ परिवहन निगम कुल्लू डिपो में कार्यरत परिचालक ललित कुमार ने अपनी मारुति कार नंबर एचपी-75-0222 नेशनल हाइवे पर भटेहड़ गांव के पास पार्क की थी। सुबह जब वह कार के पास आए तो उन्होंने कार का पिछला शीशा खुला पाया, जिसे चोरों ने कार के नीचे फेंका था। पुलिस तहकीकात में पाया कि चोर कार से डीवीडी म्यूजिक सिस्टम ले उड़े, जबकि अन्य सामान सुरक्षित था। थाना प्रभारी संजीव सूद ने कहा कि इलाके में बढ़ती चोरी की वारदातों के चलते क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि किसी भी कस्बे, गांव में अजनवी लोगों के पाए जाने की तुरंत सूचना पुलिस को दें, जिससे वारदात को लगाम लगाने में सफलता मिल सकेगी। पुलिस चोरी की वारदातों का पटाक्षेप करने में जुटी है। गाड़ी मालिक ने बताया कि कार में लगा म्यूजिक सिस्टम 10 हजार की लागत से अधिक का था।
